जागृत भारत | देवरिया(Deoria): जिले के गौरीबाजार कस्बे में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच रविवार देर शाम हिंसक झड़प हो गई। वार्ड नंबर-7 में हुई इस घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात उस समय और बिगड़ गए, जब घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया और वहां भी दोनों पक्षों के परिजन आपस में भिड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, राम मनोहर उर्फ लोहा कनौजिया और उनके भाई अंबिका उर्फ अपरबल कनौजिया के बीच जमीन को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज और फिर पथराव में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष से अंबिका उर्फ अपरबल कनौजिया (50) और उनके पुत्र चंदन कनौजिया (25) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से राम मनोहर उर्फ लोहा कनौजिया (55) को भी चोटें आईं।
सूचना पर गौरीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल परिसर में भी दोनों पक्षों के परिजनों के बीच झड़प हो गई, जिससे तनाव फैल गया। पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया।
घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अंबिका उर्फ अपरबल कनौजिया की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देवरिया में डीएम दिव्या मित्तल का औचक निरीक्षण, नालों से गुजर रही पेयजल पाइपलाइनों पर जताई कड़ी नाराजगी
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































