जागृत भारत | देवरिया(Deoria): जिले के भाटपार रानी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंगलवार सुबह एक तस्कर को 6 किलो 810 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा की डिलीवरी देने के इरादे से इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही भाटपार रानी पुलिस टीम ने फुलवरिया चौराहा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 किलो 810 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय रामनन्दी सिंह बताया। वह रजवाही पतहरा गांव, थाना यादवपुर, जनपद गोपालगंज (बिहार) का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभियुक्त मादक पदार्थ की तस्करी के उद्देश्य से गांजा लेकर जा रहा था।
बरामदगी के आधार पर भाटपार रानी थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को सख्त संदेश दिया जा रहा है और अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देवरिया: मोबाइल पर पति से विवाद के बाद महिला ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































