जागृत भारत | लखनऊ(Lucknow): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने लखनऊ आ रहे भाजपा युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने सात साथियों के साथ उन्नाव से स्कॉर्पियो से लखनऊ जा रहे थे। लखनऊ–उन्नाव बॉर्डर पर उनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
यह दुर्घटना असोहा थाना क्षेत्र के लाला खेड़ा चौराहे के पास सोमवार सुबह हुई। उन्नाव के मुर्तजानगर सोनी निवासी हैप्पी राजपूत (26), भाजयुमो में बिछिया उन्नाव ब्लॉक के मंडल महामंत्री थे। वह मोबाइल की दुकान भी चलाते थे। हादसे में हैप्पी के साथ अनुराग राजपूत और सत्येंद्र राजपूत गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों को पीजीआई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हैप्पी को मृत घोषित कर दिया। अनुराग और सत्येंद्र का इलाज गंभीर हालत में चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
अप्रैल में होनी थी शादी
परिजनों के अनुसार, हैप्पी की 8 फरवरी को सगाई और 26 अप्रैल को शादी तय थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार बेहद खुश था। हैप्पी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। इससे पहले 2021 में उनके छोटे भाई लकी की कोरोना से मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत से माता-पिता—मां शांति राजपूत और पिता डॉ. विजय राजपूत—का रो-रोकर बुरा हाल है।
3 पॉइंट में पूरी घटना
सोमवार को लाला खेड़ा चौराहे पर स्कॉर्पियो और तेज रफ्तार डंपर की आमने-सामने भीषण टक्कर हुई। स्कॉर्पियो सवार सात युवक घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण बताया गया है।
लखनऊ में भीषण आग: दूसरी मंजिल से कूदने पर महिला की मौत, पति झुलसा; बेटी सुरक्षित, बेटा खुद निकला बाहर
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































