जागृत भारत | बलरामपुर(Balrampur): जिले के फुलवरिया बाईपास पर मंगलवार सुबह लगभग 4:30 बजे एक निजी बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही क्षणों में दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और 25 से अधिक यात्री घायल हो गए।
आग की लपटों के बीच गूंजती रहीं चीखें
टक्कर के बाद बस और ट्रक धधक उठे। कई यात्री आग में झुलस गए और चीख-पुकार मच गई। आस-पास के ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। थोड़ी देर में पुलिस, यातायात पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुँच गए और आग बुझाने के साथ राहत-बचाव का अभियान शुरू किया।
डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे, बचाव तेज हुआ
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और एसपी विकास कुमार तुरंत स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर राहत कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। फिर वे अस्पताल पहुँचे और घायलों का हालचाल लिया तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
कैसे हुआ हादसा—बस चौराहे से गुजर ही रही थी
जानकारी के अनुसार, सोनौली से दिल्ली जा रही निजी बस फुलवरिया चौराहे से गोंडा की ओर निकल रही थी। तभी फुलवरिया ओवरब्रिज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक सीधे बस के बीचोंबीच जा टकराया। टक्कर की ताकत से बस सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई, जिससे बिजली के तारों के संपर्क में आने पर बस में आग भड़क उठी और आग ट्रक तक फैल गई।
ट्रक पलटने के बाद मिली झुलसी हुई लाश
आग बुझाने के लिए टीम ने पहले पलटे हुए ट्रक को सीधे कराया। नीचे से एक बुरी तरह झुलसा हुआ शव मिला, जिसकी पहचान संभव नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, मृतक ट्रक में मौजूद व्यक्ति हो सकता है जो पलटने के कारण बाहर नहीं निकल पाया।
जांच जारी, घायल इलाजरत
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। 5 गंभीर घायलों को बहराइच रेफर किया गया है, जबकि बाकी यात्रियों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यूपी में एक दिसंबर से बदलेगी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया, नई एजेंसी के हाथ में कमान; शुरू होगी टेस्टिंग और नया सिस्टम
➤ You May Also Like











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































