जागृत भारत, देवरिया। जिले में साइबर अपराध का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब अपराधियों ने पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक आईडी बना ली। इस आईडी से उनके परिचितों को संदेश भेजकर रुपये की मांग की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, फर्जी अकाउंट से विनोद कुमार सिंह के परिचितों को आपातकालीन स्थिति का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगी गई। समय रहते कोतवाल को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है।
कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने कहा कि फर्जी अकाउंट बनाकर रुपये की मांग करना गंभीर अपराध है। इससे न केवल उनकी सामाजिक छवि धूमिल होती है, बल्कि पुलिस की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ता है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फर्जी आईडी किसी दूरस्थ स्थान से बनाई गई है। तकनीकी जांच के जरिए अपराधियों की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना आम लोगों के लिए भी चेतावनी है। साइबर अपराधी अक्सर खुद को बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या पुलिसकर्मी बताकर लोगों से ठगी करने की कोशिश करते हैं।
इसे भी पढ़ें: देवरिया: सूने घर में चोरों ने डाला धावा, नकली ताला लगाकर उड़ाए डेढ़ लाख के गहने
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































