फिरोजाबाद/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में श्रावण मास के चलते कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। इस बीच रविवार रात फिरोजाबाद में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई, जहां कांवड़ियों पर ओवरब्रिज से चिकन के अवशेष फेंके गए। यह घटना रात करीब 9 बजे की है जब श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए जा रहे थे। अचानक हुई इस हरकत से वहां मौजूद कांवड़िए आक्रोशित हो उठे। राहत की बात यह रही कि किसी की कांवड़ खंडित नहीं हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तत्काल सड़क को साफ कराकर हालात को नियंत्रण में लिया। स्थानीय प्रशासन ने भी सक्रियता दिखाते हुए तनाव बढ़ने से पहले स्थिति को शांत कर दिया।
यात्रा की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने पहले ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे राज्य में प्रमुख कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर 29,454 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 395 ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1,845 जल सेवा केंद्र, 829 चिकित्सा शिविर और 1,222 पुलिस सहायता केंद्र/कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।
भारी पुलिस बल की तैनाती
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सरकार ने निम्नलिखित सुरक्षा बल तैनात किए हैं:
587 राजपत्रित अधिकारी
2,040 निरीक्षक
13,520 उपनिरीक्षक
39,965 मुख्य आरक्षी/आरक्षी
1,486 महिला उपनिरीक्षक
8,541 महिला आरक्षी/मुख्य आरक्षी
50 कंपनियां केंद्रीय बल/पीएसी
1,424 होमगार्ड्स
स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
फिरोजाबाद पुलिस मामले की जांच कर रही है कि ओवरब्रिज से चिकन के अवशेष किसने और क्यों फेंके। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।