रामपुर कारखाना क्षेत्र के पोखरभिंडा लाला ग्राम पंचायत में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्राम सचिव और प्रधान ने एक जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया, जिसके चलते उसकी वृद्धा पेंशन 2022 से बंद हो गई।
पीड़िता बिंदु श्रीवास्तव का कहना है कि वह पहले नियमित रूप से वृद्धा पेंशन प्राप्त करती थीं, लेकिन 2022 में अचानक भुगतान बंद हो गया। जब उन्होंने विकास भवन में जानकारी ली, तो पता चला कि सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया है।
बिंदु श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए इस कार्रवाई को गलत बताया और न्याय की मांग की। उनका आरोप है कि जीवित होते हुए भी उन्हें मृत घोषित करने के लिए ग्राम सचिव और प्रधान जिम्मेदार हैं।