लखनऊ में रविवार को आत्महत्या करने वाली सिपाही अनुराग की पत्नी सौम्या कश्यप की इंस्टाग्राम गतिविधियों ने सबका ध्यान खींचा है। घटना से एक दिन पहले सौम्या ने एक भावनात्मक रील पोस्ट की थी, जिसमें बैकग्राउंड में फिल्म ‘एक था टाइगर’ का गाना *’सैयारा तू तो बदला नहीं है, मौसम जरा-सा रूठा हुआ है…’ *चल रहा था। इस रील में वह उदासी और भावुकता के भाव में नजर आई।
सौम्या के पति अनुराग यूपी पुलिस में सिपाही हैं और इस वक्त उनकी तैनाती लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) थाने में है। अनुराग मूल रूप से मैनपुरी का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, अनुराग और सौम्या की जान-पहचान काफी पहले से थी और शादी से पहले भी दोनों लखनऊ में साथ रह चुके थे।
हालांकि, जब शादी की बात आई तो अनुराग ने इनकार कर दिया, जिससे आहत होकर सौम्या ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया था। बाद में दबाव में आकर अनुराग ने जनवरी 2025 में मैनपुरी के एक मंदिर में सौम्या से विवाह किया।
सोशल मीडिया पर छलका दर्द
सौम्या इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थीं। आत्महत्या से पहले उन्होंने ‘ओए नौकर सरकारी, तने दिल देके मैं हारी… तुझसे शादी कर’ जैसे गानों पर कई रील्स बनाई थीं, जिनमें पति अनुराग के साथ की तस्वीरें और वीडियो शामिल थे।
हरितालिका तीज से कुछ ही घंटे पहले सौम्या ने ‘सैयारा’ गाने पर एक और भावनात्मक रील साझा की थी। इसके अलावा एक वीडियो में वह रोते हुए दिखाई दीं और अपने चेहरे व हाथ पर लगे चोटों को कैमरे के सामने दिखाया। इन वीडियो से स्पष्ट होता है कि वह मानसिक रूप से परेशान थीं।
दो महीने से रील्स में नहीं दिखा अनुराग
सौम्या की शुरुआती रील्स में वह और अनुराग एक साथ नजर आते थे और दोनों के बीच की खुशहाल झलक दिखाई देती थी। लेकिन पिछले दो महीनों से अनुराग किसी भी रील में नजर नहीं आया। इसके विपरीत, सौम्या के कई रील्स में वह फोन पर रिकॉर्डेड बातचीत और वीडियो कॉल के अंश शेयर करती नजर आईं।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
फिलहाल पुलिस सौम्या की आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर मौजूद सामग्री से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि सौम्या घरेलू तनाव और भावनात्मक आघात से गुजर रही थीं। सिपाही अनुराग से भी इस मामले में पूछताछ की जा सकती है।
यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया और रिश्तों के बीच के तनावपूर्ण समीकरणों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।